
UP News: आगरा के बल्केश्वर घाट पर दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबने से चार की मौत
आगरा में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बल्केश्वर घाट पर नहाने पहुंचे युवक-युवतियों और एक किशोर में से चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के कारण सभी लोग यमुना में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से सभी डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और गोताखोरों की मदद से कई लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस और राहत टीम ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाद में एक किशोर का शव भी नदी से बरामद किया गया।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के अनुसार मृतकों में 22 वर्षीय कान्हा, 19 वर्षीय महक, 17 वर्षीय रिया और 11 वर्षीय विक्की शामिल हैं। वहीं अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद करीब दो घंटे तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद विक्की का शव बरामद किया गया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और घाट पर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल दिखाई दिया। विक्की के पिता राकेश ने बताया कि परिवार में जन्मदिन का कार्यक्रम था और बच्चे वहां गए हुए थे। सुबह सभी बच्चे बिना बताए यमुना में नहाने चले गए थे। उन्होंने कहा कि चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से बेटा हुआ था, लेकिन अब वह भी दुनिया छोड़कर चला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में लोग यमुना घाटों पर पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते। लोगों का कहना है कि प्रशासन को नदी किनारे सुरक्षा बढ़ानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना ने आगरा के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।






