देश

Qatar Gas Plant Blast: कतर गैस प्लांट हादसे में 12 भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत, दूतावास ने संभाला मोर्चा

Qatar Gas Plant Blast: कतर गैस प्लांट हादसे में 12 भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत, दूतावास ने संभाला मोर्चा

दोहा। कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए भीषण गैस प्लांट हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। बारजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुए जोरदार धमाके में 12 भारतीय नागरिकों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 66 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन श्रीदा अल-काबी ने इस दर्दनाक घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार शाम उस समय हुआ जब प्लांट में ऑपरेशन दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी। स्टार्टअप के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे प्लांट में भीषण आग फैल गई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही कतरएनर्जी की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग विदेशी नागरिक थे, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय मजदूर शामिल थे।

कतर के ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी जान गई है। इसके अलावा कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। प्रशासन द्वारा घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे के बाद दोहा स्थित भारतीय दूतावास तुरंत सक्रिय हो गया है। भारतीय अधिकारी कतर प्रशासन के संपर्क में हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ पूरा भारतीय समुदाय खड़ा है। दूतावास ने बताया कि लापता लोगों की तलाश और घायलों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय भी इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार कतर प्रशासन के साथ समन्वय कर मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतना बड़ा विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button