देश

Pune Murder Case: CCTV में साथ दिखे सिया-चेतन, केतन हत्याकांड में तीसरे शख्स की भूमिका भी जांच के घेरे में

Pune Murder Case: CCTV में साथ दिखे सिया-चेतन, केतन हत्याकांड में तीसरे शख्स की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में एक कैफे की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें मुख्य आरोपी सिया और उसका कथित प्रेमी चेतन चौधरी वारदात से एक दिन पहले साथ नजर आ रहे हैं। पुलिस को शक है कि दोनों ने इसी मुलाकात के दौरान हत्या की साजिश को अंतिम रूप दिया था।

जांच के अनुसार, 17 जून की शाम सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले थे। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को शाम करीब 4:35 बजे कैफे में प्रवेश करते हुए देखा गया है। दोनों ने वहां खाने-पीने का ऑर्डर दिया और खुले बैठने वाले क्षेत्र में करीब एक घंटे तक बातचीत करते रहे। शाम लगभग 5:30 बजे दोनों कैफे से बाहर निकल गए।

पुलिस का मानना है कि इसी मुलाकात के दौरान केतन अग्रवाल की हत्या की योजना पर अंतिम चर्चा हुई थी। हालांकि जांच एजेंसियां अभी सभी तथ्यों को जोड़कर मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट करने में जुटी हैं।

इस हत्याकांड में अब एक तीसरे व्यक्ति नीरज का नाम भी सामने आया है। नीरज चेतन चौधरी का करीबी दोस्त बताया जा रहा है और पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में पता चला है कि वारदात वाले दिन चेतन ने अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। इसके बजाय उसने नीरज का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया और उसी के जरिए सिया के संपर्क में रहा।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नीरज को हत्या की साजिश की जानकारी थी या नहीं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि नीरज पिछले तीन वर्षों से चेतन के साथ काम कर रहा था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी सिया ने केतन की हत्या की योजना पहले से बना रखी थी। पुलिस के अनुसार उसने पहले भी दो बार प्रयास किया था, लेकिन तीसरी बार अपनी योजना को अंजाम देने में सफल रही।

फिलहाल पुणे पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button