देश

Odisha Food Poisoning: हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से 1 छात्र की मौत, 100 से अधिक बीमार

Odisha Food Poisoning: हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से 1 छात्र की मौत, 100 से अधिक बीमार

ओडिशा के ओडिशा स्थित मयूरभंज जिले के रसगोबिंदपुर इलाके में एक स्कूल हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई और 100 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप और गुस्से का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में खाना खाने के बाद कई छात्रों को अचानक उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते दर्जनों बच्चे बीमार पड़ गए और स्थिति बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाने की गुणवत्ता बेहद खराब थी, जिसकी वजह से यह दर्दनाक घटना हुई।

बीमार छात्रों को पहले रसगोबिंदपुर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से 60 से अधिक गंभीर बच्चों को मयूरभंज जिला मुख्यालय अस्पताल में रेफर किया गया। कई छात्रों की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने रसगोबिंदपुर बाजार के पास सड़क जाम कर दिया। इसके साथ ही स्कूल का घेराव भी किया गया, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। लोगों ने प्रशासन पर समय पर सूचना न देने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने उत्तरी डिवीजन रेवेन्यू कमिश्नर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है और तुरंत मौके पर जांच टीम भेजने का निर्देश दिया।

सरकारी निर्देश के बाद बुधवार को सेंट्रल आरडीसी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही एक मेडिकल टीम भी इलाके में तैनात की गई है, जो बीमार छात्रों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।

सरकार ने मृतक छात्र के परिवार को राहत कोष से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button