देश

Mother Dairy Milk Price Hike: अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से महंगा होगा दूध

Mother Dairy Milk Price Hike: अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 14 मई से महंगा होगा दूध

Mother Dairy ने दूध की बढ़ती खरीद लागत को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। कंपनी ने अलग-अलग श्रेणी के दूध पर 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई कीमतें 14 मई 2026 यानी गुरुवार से लागू होंगी। इस फैसले के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में लोगों को दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले एक साल के दौरान किसानों से दूध खरीदने की लागत में लगभग 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मदर डेयरी का कहना है कि ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसके लिए लंबे समय तक कीमतों में बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन अब लागत बढ़ने के कारण दाम बढ़ाना जरूरी हो गया।

मदर डेयरी से पहले Amul ने भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। कंपनियों का कहना है कि किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने और दूध उत्पादन को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। कंपनी ने बताया कि दूध बिक्री से मिलने वाली आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान के रूप में दिया जाता है।

नई कीमतों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में खुला टोंड दूध अब 58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 56 रुपये था। फुल क्रीम दूध का दाम बढ़ाकर 72 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। टोंड मिल्क की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डबल टोंड दूध अब 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा गाय के दूध की कीमत भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

कंपनी के अनुसार Delhi NCR में हर दिन करीब 35 लाख लीटर दूध की बिक्री होती है। मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में डेयरी उत्पादों और खाद्य तेलों की मजबूत मांग के चलते 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ लगभग 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया था।

दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ना तय माना जा रहा है, क्योंकि दूध रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी वस्तुओं में शामिल है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध के दाम बढ़ने से लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button