देश

ED Action: शेखर सुमन के करीबी धर्मेश संगानी पर ED का एक्शन, विदेशी संपत्ति और 7.4 किलो सोने के मामले की जांच

ED Action: शेखर सुमन के करीबी धर्मेश संगानी पर ED का एक्शन, विदेशी संपत्ति और 7.4 किलो सोने के मामले की जांच

मुंबई। अभिनेता शेखर सुमन के करीबी और फिल्म निर्माता धर्मेश संगानी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ED ने विदेशों में कथित अघोषित संपत्ति, विदेशी बैंक खातों और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के सिलसिले में मुंबई स्थित उनके परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है।

ED के अनुसार, धर्मेश संगानी और उनकी कंपनी कलानी इम्पेक्स लिमिटेड के खिलाफ विदेशी लेनदेन और निर्यात से जुड़ी अनियमितताओं की जांच की जा रही है। एजेंसी का आरोप है कि कुछ विदेशी खरीदारों से निर्यात की राशि प्राप्त नहीं हुई और कंपनी ने अधिकृत बैंक से आवश्यक अनुमति भी नहीं ली।

जांच एजेंसी ने दावा किया कि तलाशी के दौरान धर्मेश संगानी ने अपना मोबाइल फोन इमारत की 13वीं मंजिल से नीचे फेंककर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की। हालांकि अधिकारियों ने फोन बरामद कर लिया। इस मामले में ED ने मुंबई पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है।

तलाशी के दौरान विदेशों में कथित अघोषित संपत्तियों और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है। ED के अनुसार, कनाडा में एक अघोषित कंपनी में धर्मेश संगानी की बड़ी हिस्सेदारी का भी पता चला है। इसके अलावा कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में कथित अघोषित बैंक खातों की जानकारी भी सामने आई है।

अधिकारियों का कहना है कि अमेरिकी सीमा शुल्क विभाग भी धर्मेश संगानी से जुड़े कुछ वित्तीय लेनदेन की जांच कर रहा है। वहीं, ब्रिटेन के अधिकारियों द्वारा पहले करीब 7.4 किलोग्राम सोना जब्त किए जाने का भी उल्लेख जांच में किया गया है।

ED ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जांच धर्मेश संगानी और उनकी कंपनी की भूमिका तक सीमित है। इस मामले में अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है और जांच जारी है। धर्मेश संगानी, उनकी कंपनी तथा संबंधित फिल्म अकादमी की ओर से इस कार्रवाई पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button