
Lucknow Accident: जनेश्वर मिश्र पार्क के पास स्टंट करते नाबालिग की मौत, बुलेट 100 की रफ्तार में हुई दुर्घटना
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज रफ्तार और खतरनाक बाइक स्टंट एक नाबालिग की जान ले बैठा। गोमतीनगर विस्तार इलाके में स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय नैतिक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नैतिक तेज रफ्तार बुलेट बाइक पर स्टंट कर रहा था और उसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से टकराकर डिवाइडर से जा भिड़ा। इस दर्दनाक हादसे में नैतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार नैतिक उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन में कार्यरत एसडीओ राम इकबाल का बेटा था। राम इकबाल मूल रूप से बाराबंकी जिले के कोठी सरायमीर गांव के निवासी हैं और वर्तमान में नोएडा में तैनात हैं। नैतिक अपनी मां और भाई पारस के साथ लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित विशेष खंड इलाके में रहता था।
रविवार सुबह नैतिक अपने भाई पारस के साथ बुलेट बाइक लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर पांच के सामने वह करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार में बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने एक पहिये पर बाइक उठाकर स्टंट करना शुरू कर दिया। स्टंट के दौरान सामने से आ रही एक स्कूटी से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और नैतिक व उसका भाई पारस करीब दस मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए डिवाइडर से जा टकराए। नैतिक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिसके कारण उसका सिर डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। हादसे में पारस के अलावा स्कूटी सवार आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह भी बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीनों घायलों को गंभीर हालत में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय नैतिक के साथ उसका एक अन्य साथी भी स्पोर्ट बाइक पर स्टंट कर रहा था। उसके हेलमेट पर लगे कैम रिकॉर्डर में पूरी घटना कैद हो गई। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि वह साथी हादसे में टकराने से बाल-बाल बच गया। दुर्घटना में नैतिक की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गोमतीनगर विस्तार थाने के इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी के अनुसार अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस बुलेट बाइक से हादसा हुआ उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि बाइक हाल ही में खरीदी गई थी या नियमों के अनुसार पंजीकरण नहीं कराया गया था। पुलिस का कहना है कि मोटर व्हीकल एक्ट के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिग को गियर वाली बाइक चलाने की अनुमति नहीं है। 16 से 18 वर्ष के किशोर केवल 50 सीसी तक के बिना गियर वाले वाहन ही चला सकते हैं और उसके लिए भी वैध लाइसेंस जरूरी होता है। यदि कोई अभिभावक नाबालिग को वाहन चलाने देता है तो उस पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
हादसे के बाद पुलिस को नैतिक के पास से मिले मोबाइल फोन के जरिए उसके परिवार को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिवार के सदस्यों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद वे नैतिक का शव लेकर बाराबंकी स्थित अपने गांव चले गए, जहां शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट के खतरों को उजागर करता है। पुलिस लगातार युवाओं से सड़क पर स्टंट न करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।






