
NEET UG 2026: NEET पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन! शुभम खैरनार दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर CBI को सौंपा गया
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस केस में गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार को बुधवार को मुंबई के किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर CBI को सौंप दिया। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI शुभम को दिल्ली लेकर जाएगी, जहां उसे 14 मई को दिल्ली की CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा।
CBI ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में केवल एक आरोपी नहीं बल्कि पूरा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। एजेंसी का कहना है कि शुभम खैरनार से पूछताछ के जरिए पेपर लीक रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में मदद मिल सकती है। इसी वजह से उसकी कस्टडी बेहद जरूरी बताई गई।
जानकारी के मुताबिक CBI की टीम बुधवार शाम की फ्लाइट से शुभम को मुंबई से दिल्ली लेकर जाएगी। शुभम खैरनार महाराष्ट्र के नासिक जिले के नांदगांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसके पिता भी डॉक्टर हैं। शुभम मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित सत्य साईं यूनिवर्सिटी में बीएएमएस के तीसरे वर्ष का छात्र था।
सूत्रों के अनुसार कॉलेज में छुट्टियां होने की वजह से शुभम इन दिनों नासिक में रहकर प्रैक्टिस कर रहा था। इसके लिए उसने शेयरिंग में एक फ्लैट भी लिया हुआ था। बुधवार को जब वह फ्लैट के पास स्थित एक मंदिर में दर्शन करने गया, उसी दौरान नासिक क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
देशभर में NEET-UG 2026 पेपर लीक को लेकर पहले से ही भारी विवाद चल रहा है। परीक्षा रद्द होने और दोबारा एग्जाम कराने के फैसले के बाद अब CBI पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक में कौन-कौन लोग शामिल थे, प्रश्नपत्र किस तरह बाहर पहुंचा और इसके पीछे कितना बड़ा गिरोह काम कर रहा था।
CBI लगातार अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई कर रही है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।






