
Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में ATM लूटकांड का बड़ा खुलासा! 27 लाख की लूट करने वाले 2 बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए सनसनीखेज ATM कैश वैन लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो इनामी बदमाशों समीर और जुबैर को मार गिराया। दोनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे 6 मई को हुई 27 लाख रुपये की लूट के बाद से फरार चल रहे थे। इस एनकाउंटर के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर समेत दो से तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार यह पूरी वारदात नेशनल हाईवे-9 पर हुई थी, जहां इंडिया वन कंपनी की कैश वैन को निशाना बनाया गया था। बदमाशों ने पहले कैश वैन पर फायरिंग की और फिर ड्राइवर को गन पॉइंट पर बाहर निकालकर वैन लेकर फरार हो गए। उस वैन में करीब 27 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैश वैन को करीब 8 किलोमीटर दूर ले गए और मसूरी थाना क्षेत्र के एक्सप्रेसवे पर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस पहले ही मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। उनके पास से करीब 8 लाख रुपये बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि इस पूरी लूट में कुल चार बदमाश शामिल थे। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे और बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें समीर और जुबैर घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने एनकाउंटर के बाद आरोपियों के पास से करीब 7 से 9 लाख रुपये की नकदी, अवैध हथियार, पिस्तौल, तमंचे, कारतूस और एक गाड़ी बरामद की है। हालांकि इस गिरोह के दो अन्य बदमाश अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






