देश

Greater Noida Crime: लव मैरिज के 3 महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत, चिता से शव निकालकर जांच में जुटी पुलिस

Greater Noida Crime News लव मैरिज के 3 महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत, चिता से शव निकालकर जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मामला दादरी कोतवाली क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव का है, जहां ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान चिता से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतका की पहचान मोनिका नागर के रूप में हुई है, जो ज्यू सेक्टर की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि मोनिका ने तीन महीने पहले घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवारों की शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर सहमति नहीं थी, लेकिन बाद में परिवारों ने शादी को मंजूरी दे दी थी।

जानकारी के अनुसार मोनिका और अनुज के पिता ग्रेटर नोएडा में ऑटो चलाते हैं, जिसके चलते दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी। इसी दौरान मोनिका और अनुज करीब आए और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों घोड़ी बछेड़ा गांव में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। गांव के लोगों के मुताबिक विवाद के बाद मोनिका कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो बाहर से धक्का देकर कुंडी तोड़ी गई। अंदर मोनिका का शव पड़ा मिला।

घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान मायके पक्ष को मामले की जानकारी मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि मोनिका की हत्या की गई है और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि मोनिका ने घटना से पहले फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाया। पुलिस ने चिता से शव को बाहर निकलवाया। अधिकारियों के अनुसार शव आंशिक रूप से जल चुका था। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि महिला की मौत आत्महत्या थी या हत्या। फिलहाल मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एसीपी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button