
Suvendu Adhikari PA Murder बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और राज्य का राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्मा गया है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने बीच सड़क उनकी कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जानकारी के मुताबिक बीते देर शाम चंद्रनाथ रथ अपनी कार से गुजर रहे थे, तभी दो संदिग्ध वाहन उनका पीछा कर रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीछा करने वालों में एक कार और एक बाइक शामिल थी। आरोप है कि कार सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोका और उसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमला इतना अचानक और तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग में चंद्रनाथ रथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका ड्राइवर भी गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चंद्रनाथ रथ ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें कई गोलियां लगी थीं। ड्राइवर की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अब जेसोर रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर किसी तरह की नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे पुलिस को शक है कि हमलावर पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद Suvendu Adhikari खुद अस्पताल पहुंचे और उन्होंने चंद्रनाथ रथ की मौत की पुष्टि की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी का दावा है कि इस हमले के पीछे राजनीतिक साजिश हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी राजनीतिक एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह वारदात ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद लगातार हिंसा और राजनीतिक टकराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। राज्य में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और इस हत्या ने राजनीतिक माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।






