देश

Assam Kerala Puducherry Voting 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान जारी, लंबी कतारों में दिखा भारी उत्साह

Assam Kerala Puducherry Voting 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान जारी, लंबी कतारों में दिखा भारी उत्साह

देश के तीन प्रमुख राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में आज नई सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है। असम, केरल और पुडुचेरी में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जहां लाखों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, इन तीनों क्षेत्रों को मिलाकर करीब 5.3 करोड़ मतदाता EVM के जरिए अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।

असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है, जहां 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। राजधानी समेत कई क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सत्तारूढ़ बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन इस बार कड़ी टक्कर दे रहा है। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने मतदान से पहले गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की।

केरल में 140 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जहां 2.7 करोड़ से अधिक मतदाता 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

पुडुचेरी में भी 30 विधानसभा सीटों के लिए सुबह से मतदान जारी है। यहां 10 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, बीजेपी और कांग्रेस-डीएमके गठबंधन के बीच मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है।

तीनों क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चुनाव आयोग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button