
Andhra Pradesh Milk Deaths: मानवाधिकार आयोग ने आंध्र प्रदेश में 16 मौतों के मामले का लिया संज्ञान, अधिकारियों से रिपोर्ट तलब
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में कथित मिलावटी दूध पीने से 16 लोगों की मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन मानते हुए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में मृतकों की स्वास्थ्य स्थिति, जांच की प्रगति और पीड़ित परिवारों को दिए गए मुआवजे की जानकारी शामिल करने को कहा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दूध में एथिलीन ग्लाइकॉल जैसी जहरीली मिलावट होने का संदेह है, जिससे पीड़ितों के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। जिले के लालाचेरुवु, चौदेश्वरनगर और स्वरूपनगर में यह घटना फरवरी के मध्य से सामने आई। कम से कम चार अन्य लोगों का इलाज अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में नरसापुरम गांव स्थित एक डेयरी को मिलावट का संभावित स्रोत बताया गया है, जो आसपास के 100 से अधिक घरों में दूध सप्लाई करती थी। प्रभावितों में ज्यादातर बुजुर्ग और छोटे बच्चे शामिल हैं, जिन्हें पेट दर्द, उल्टी, पेशाब न आना और किडनी फेल जैसी गंभीर समस्याएं हुईं।






