
West Bengal Election 2026: मतदान से पहले TMC को बड़ा झटका, विधायक खगेन्द्रनाथ महतो BJP में शामिल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। झारग्राम जिले की गोपीबल्लवपुर विधानसभा सीट से TMC विधायक खगेन्द्रनाथ महतो ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है।
बताया जा रहा है कि TMC द्वारा इस बार टिकट नहीं दिए जाने से खगेन्द्रनाथ महतो नाराज थे, जिसके चलते उन्होंने अंतिम समय में पार्टी से अलग होने का फैसला लिया। बुधवार को उन्होंने आधिकारिक रूप से BJP में शामिल होने की घोषणा की।
Bidhannagar BJP office में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया। इस मौके पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि महतो एक प्रतिष्ठित डॉक्टर हैं और उन्होंने TMC के कथित भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ लड़ाई के लिए BJP जॉइन की है।
अधिकारी ने यह भी दावा किया कि गोपीबल्लवपुर क्षेत्र ओडिशा सीमा से सटा हुआ है, जहां BJP की सरकार है और वहां के बेहतर प्रशासन से प्रभावित होकर महतो ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने साफ किया कि महतो ने किसी चुनावी लाभ या टिकट की शर्त पर पार्टी नहीं छोड़ी है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम को चुनाव से ठीक पहले TMC के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जबकि BJP इसे अपने पक्ष में बढ़त के रूप में देख रही है।
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर चुनाव होगा। परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में पिछले 15 वर्षों से TMC सत्ता में है, जबकि BJP पहली बार सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है।






