
Strait of Hormuz Ship Attack: भारतीय जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन हमला, समुद्र में डूबा जहाज
नई दिल्ली। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय कार्गो जहाज ‘हाजी अली’ पर ड्रोन से हमला होने की बड़ी घटना सामने आई है। ओमान के तट के पास हुए इस हमले में जहाज के समुद्र में डूबने की जानकारी है, हालांकि उसमें सवार सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है। घटना को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे अस्वीकार्य बताया है।
जानकारी के अनुसार, ‘MSV हाजी अली (BDI 1492)’ गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से जुड़ा हुआ मालवाहक जहाज था। यह जहाज ओमान के लिमाह क्षेत्र के पास बुधवार तड़के लगभग 3:30 बजे गुजर रहा था, तभी उस पर ड्रोन या मिसाइल से हमला हुआ। जोरदार धमाके के बाद जहाज में आग लग गई और वह धीरे-धीरे समुद्र में डूब गया।
ओमान के समुद्री सुरक्षा बलों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जहाज पर मौजूद सभी 14 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को ओमान के दीबा बंदरगाह पर पहुंचाया गया है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, घटना की जांच जारी है कि हमला किसने और किस उद्देश्य से किया।
जहाज के मालिक सुल्तान अहमद संघार ने भी पुष्टि की है कि सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। इस घटना के बाद भारत ने चिंता जताते हुए कहा है कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाना पूरी तरह गलत और अस्वीकार्य है। विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि इस तरह की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है और इससे पहले भी इसी इलाके में एक अन्य जहाज के डूबने की घटना सामने आ चुकी है।






