दिल्ली-एनसीआर

Sarojini Nagar Market: अवैध अतिक्रमण पर NDMC का बड़ा एक्शन, 29 मई को होगा संयुक्त निरीक्षण

Sarojini Nagar Market: अवैध अतिक्रमण पर NDMC का बड़ा एक्शन, 29 मई को होगा संयुक्त निरीक्षण

देश की सबसे प्रसिद्ध और व्यस्त बाजारों में शामिल Sarojini Nagar Market में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नई दिल्ली नगरपालिका परिषद यानी New Delhi Municipal Council ने सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद NDMC ने 29 मई 2026 को बाजार में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने का फैसला लिया है।

NDMC के प्रवर्तन (दक्षिण) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 29 मई को दोपहर 12 बजे सरोजिनी नगर मार्केट में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम संयुक्त निरीक्षण करेगी। इस दौरान बाजार की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा और अवैध कब्जों व निर्माणों की जांच की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, बाजार में कई बड़े दुकानदारों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, बरामदों और फुटपाथों पर स्थायी कब्जे किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह बड़ा निरीक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है।

संयुक्त निरीक्षण में आर्किटेक्ट विभाग, एस्टेट विभाग, स्वच्छता विभाग, सैनिटेशन विभाग और प्रवर्तन विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। टीम बाजार में अवैध निर्माण, सार्वजनिक संपत्तियों के दुरुपयोग और अतिक्रमण की जांच करेगी।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई गंभीर मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें सार्वजनिक बरामदों और पैदल रास्तों को दुकानों का हिस्सा बनाना, दुकानों के आगे और पीछे अतिरिक्त जगह पर कब्जा करना, बिना अनुमति बेसमेंट बनाना और सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित स्थानों का व्यावसायिक इस्तेमाल करना शामिल है।

इसके अलावा कई दुकानदारों पर पहली मंजिल, जो मूल रूप से आवासीय उपयोग के लिए निर्धारित थी, उसका कमर्शियल इस्तेमाल करने का भी आरोप है। वहीं कुछ जगहों पर दूसरी मंजिल बनाकर उसे भी व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

NDMC अधिकारियों के मुताबिक, कई दुकानों के बाहर अवैध वेंडिंग स्टैंड, डिस्प्ले स्ट्रक्चर और रिंग्स लगाकर फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा किया गया है। कुछ दुकानदारों द्वारा साइड विंडो और खुली जगहों को भी छोटी दुकानों में बदलकर सामान बेचने की शिकायतें मिली हैं।

सूत्रों का कहना है कि यदि संयुक्त निरीक्षण में शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो NDMC बड़े स्तर पर अवैध निर्माणों और कब्जों को हटाने की कार्रवाई कर सकती है। खास तौर पर बरामदों पर किए गए स्थायी कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद सरोजिनी नगर मार्केट में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और आम लोगों की नजरें अब 29 मई को होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि अगर NDMC सख्ती से नियम लागू करती है, तो वर्षों से चले आ रहे अवैध अतिक्रमणों पर रोक लग सकती है और बाजार के सार्वजनिक स्थानों को दोबारा व्यवस्थित किया जा सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button