देश

Mumbai Clash: मलाड में भक्ति गीत को लेकर विवाद, दो गुटों में खूनी झड़प, 8 गिरफ्तार

Mumbai Clash: मलाड में भक्ति गीत को लेकर विवाद, दो गुटों में खूनी झड़प, 8 गिरफ्तार

मुंबई के मलाड इलाके में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में बज रहे भक्ति गीत को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। संतोष नगर इलाके में हुई इस घटना ने देर रात पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, संतोष नगर में देवी माता के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान लाउडस्पीकर पर ‘जय श्री राम’ के भक्ति गीत बजाए जा रहे थे। इसी बीच तेज आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया और स्थिति बेकाबू हो गई।

घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। झड़प के दौरान अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—109, 118(1), 351(3), 352, 189 और 191 के तहत केस दर्ज किया है। इसके साथ ही आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई सुनियोजित साजिश तो नहीं थी।

इसी बीच एक अलग कार्रवाई में महाराष्ट्र एटीएस ने कुर्ला और ठाणे के खडवली इलाके में छापेमारी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के साथ मिलकर चलाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमरान उर्फ सोनू उर्फ मोजे और बड़ा इमरान के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों काफी समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में थे। उनके पास से कुछ संदिग्ध सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं और इस पूरे नेटवर्क के संभावित कनेक्शन की गहराई से जांच में जुटी हैं। दूसरी ओर मलाड में हुई झड़प के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button