देश

Noida Protest: नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन में फिर बवाल, सेक्टर 80 में पुलिस पर पत्थरबाजी

Noida Protest: नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन में फिर बवाल, सेक्टर 80 में पुलिस पर पत्थरबाजी

उत्तर प्रदेश के नोएडा के कई इलाकों में सोमवार को कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद हिंसा भड़क गई थी. नोएडा के फेज-2 इलाके में प्रदर्शन अब भी जारी है. एक कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कंपनी के बाहर धरना दिया है. इन कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन में बढ़ोतरी और दूसरी सुविधाएं शामिल हैं.

मौके पर हालात को कंट्रोल करने और शांति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को समझाने और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.

नोएडा सेक्टर-63 से ग्राउंड रिपोर्ट सामने आई है, जहां आगजनी के निशान अभी भी मौजूद हैं. सड़क के किनारे जली हुई कारें मौजूद हैं और फैक्ट्री के शीशे टूटे हुए हैं. कंपाउंड के अंदर भी पत्थरबाजी और आगजनी हुई है.

गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सोमवार रात पत्रकारों को बताया कि बाहरी जिलों से आए एक ग्रुप ने पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर हंगामा किया. उन्होंने कहा, ‘मजदूरों के शांतिपूर्वक चले जाने के बाद, बाहर से आए इस समूह ने लोगों को उकसाया और हिंसा भड़काने की कोशिश की.’ पुलिस ने इनमें से कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और बाकी की पहचान की जा रही है.
नोएडा फेज- 2 में भी सैलरी बढ़ाने को लेकर प्रोटेस्ट जारी है. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी 20 हजार की सैलरी की मांग पर अड़े हुए हैं. प्रदर्शनकारी ’11 हजार में दम नहीं, 20 हजार से कम नहीं’ के नारे लगा रहे हैं. इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी की गई.

नोएडा के सेक्टर-70 में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला है. इस दौरान पुलिस के आला अधिकारी और भारी संख्या में जवान सड़कों पर गश्त करते नजर आए.
सब इंस्पेक्टर माता प्रसाद गुप्ता ने बताया, ‘कुछ उपद्रवियों ने पत्थर फेंके. घर की सफाई का काम करने वाले लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. हमने उनसे बात की. कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. इसी दौरान मुझे भी चोटें आईं. कुछ लोगों को पकड़ लिया गया है और उनसे आगे पूछताछ की जाएगी.’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button