दिल्ली-एनसीआरदेश

NEET Protest: दिल्ली में हिंसक हुआ प्रदर्शन, जंतर-मंतर के पास पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल होने का दावा

NEET Protest: दिल्ली में हिंसक हुआ प्रदर्शन, जंतर-मंतर के पास पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल होने का दावा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) से जुड़े मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के दौरान बुधवार को स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों का एक समूह निर्धारित प्रदर्शन स्थल से आगे बढ़कर टॉलस्टॉय मार्ग तक पहुंच गया, जहां कथित तौर पर पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों पर पथराव किया गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा किया गया है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रोज़ की तरह पुलिस और RAF के जवान पहले से ही तैनात थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी निर्धारित स्थान से आगे बढ़ते हुए टॉलस्टॉय मार्ग पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार अचानक सुरक्षाकर्मियों पर बड़े-बड़े पत्थर और बोतलें फेंकी जाने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में डंडे भी थे, जिनका इस्तेमाल सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के लिए किया गया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद RAF और दिल्ली पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस के अनुसार पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो हल्का बल प्रयोग किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 2 से 3 आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जिसके बाद स्थिति पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया गया।

गौरतलब है कि NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर विभिन्न छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंतर-मंतर पर एकत्र भीड़ का एक हिस्सा आगे बढ़कर टॉलस्टॉय मार्ग तक पहुंचा, जहां यह हिंसक घटना हुई। पुलिस ने बताया कि पथराव और बोतलबाजी के कारण सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रदर्शन अचानक हिंसक क्यों हुआ और पथराव की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई। इस संबंध में पुलिस घटना की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद भी जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल और RAF के अतिरिक्त जवानों की तैनाती जारी है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button