
Mainpuri: शादी के 17 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, लाखों के जेवर ले जाने का आरोप
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही दिनों बाद नवविवाहिता के अचानक घर छोड़कर चले जाने से परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित पति ने अपनी पत्नी पर प्रेमी के साथ फरार होने और घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर साथ ले जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मामला मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कुलीपुर का है। यहां रहने वाले जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल 2026 को फर्रुखाबाद जिले के कुंवरपुर लोथपुर निवासी अचला के साथ हुई थी। शादी के बाद शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे उसे पत्नी की गतिविधियों पर शक होने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी का गांव के ही रहने वाले अरुण कुमार नाम के युवक के साथ पहले से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। परिवार को इस संबंध की जानकारी नहीं थी और शादी के बाद भी दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने हुए थे।
शिकायत के मुताबिक, 8 और 9 मई की रात नवविवाहिता अचानक घर से गायब हो गई। जब परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो घर में रखे कीमती जेवरात भी गायब मिले। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी अपने साथ सोने की जंजीर, चांदी की पायल, करधनी, कुंडी और अन्य कीमती आभूषण लेकर चली गई है।
पीड़ित पति का कहना है कि आरोपी युवक अरुण कुमार नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और उसे शक है कि उसकी पत्नी वहीं किसी अज्ञात स्थान पर छिपाई गई है। उसने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अरुण कुमार के भाई और बहन भी सहयोग कर रहे हैं।
जितेंद्र कुमार ने पुलिस को कुछ मोबाइल नंबर भी सौंपे हैं, जिनके जरिए पत्नी और आरोपी युवक के बीच बातचीत होने की बात कही गई है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पत्नी और जेवरात बरामद करने के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






