दिल्ली-एनसीआर

Kerala Child Death Case: डेढ़ साल के मासूम पर मां और लिव-इन पार्टनर की हैवानियत, शरीर पर मिले 51 जख्म, दोनों हाथ टूटे

Kerala Child Death Case: डेढ़ साल के मासूम पर मां और लिव-इन पार्टनर की हैवानियत, शरीर पर मिले 51 जख्म, दोनों हाथ टूटे

केरल के तिरुवनंतपुरम से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की कथित तौर पर उसकी सगी मां और उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा बेरहमी से प्रताड़ित किए जाने के बाद मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुए खुलासों ने पुलिस और डॉक्टरों तक को झकझोर कर रख दिया है। मासूम के शरीर पर 51 चोटों के निशान मिले हैं, जबकि उसके दोनों हाथ टूटे हुए पाए गए। शरीर पर जलाने के निशान भी मिले हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना 31 मई की बताई जा रही है। बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उसे खून की उल्टी और तेज खांसी की शिकायत के चलते तिरुवनंतपुरम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

मृतक बच्चे के नाना-नानी ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि बच्चे को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया और बच्चे की मां तथा उसके लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे को लंबे समय से शारीरिक यातनाएं दी जा रही थीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार डॉक्टरों ने बताया कि पिछले दो से तीन हफ्तों से मासूम के साथ लगातार क्रूरता की जा रही थी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत सिर में गंभीर चोट और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चे के दोनों हाथ पूरी तरह फ्रैक्चर थे। शरीर पर सिगरेट से जलाने जैसे निशान भी पाए गए हैं। अधिकारियों को शक है कि बच्चा मां और उसके प्रेमी के रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।

मासूम के नाना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बच्चे के शरीर का कोई हिस्सा ऐसा नहीं था जहां चोट के निशान न हों। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चा जब उनकी बेटी के साथ घर से गया था, तब वह पूरी तरह स्वस्थ था। वहीं बच्चे की नानी ने दावा किया कि उनकी बेटी अपने लिव-इन पार्टनर के प्रभाव में आ गई थी और उसी के कहने पर उसने अपने परिवार से दूरी बना ली।

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी लिव-इन पार्टनर की पहली पत्नी अमीना के परिवार ने भी गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि आरोपी अब भी कानूनी रूप से शादीशुदा है और उसने अपनी पहली पत्नी के साथ भी बर्बर मारपीट की थी। आरोप है कि पहली पत्नी पिछले एक साल से बिस्तर पर पड़ी हुई है।

अमीना के पिता शरीफ ने यह भी दावा किया कि दो साल पहले उनके 15 वर्षीय बेटे मोहम्मद की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हुई थी। उन्होंने आशंका जताई कि उस घटना के पीछे भी इसी आरोपी का हाथ हो सकता है और पूरे मामले की दोबारा जांच होनी चाहिए।

इस भयावह घटना के सामने आने के बाद पूरे केरल में आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button