देश

JEE Advanced Result 2026: श्रेयस मिश्रा ने हासिल की ऑल इंडिया 119वीं रैंक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जश्न का माहौल

JEE Advanced Result 2026: श्रेयस मिश्रा ने हासिल की ऑल इंडिया 119वीं रैंक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जश्न का माहौल

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए गर्व का क्षण लेकर आए जेईई एडवांस 2026 के परिणाम में रॉयल नेस्ट सोसाइटी निवासी श्रेयस मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 119वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

श्रेयस मिश्रा शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जेईई मेन 2026 के दूसरे सत्र में ऑल इंडिया 23वीं रैंक हासिल की थी। वहीं पहले सत्र में 100 परसेंटाइल स्कोर कर उन्होंने दिल्ली स्टेट में टॉप किया था। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रेयस ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है।

श्रेयस ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका सपना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने का है और अब वह उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।

शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो श्रेयस ने 12वीं कक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उनकी सफलता उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है जो इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

इसी के साथ ग्रेटर नोएडा के स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी जेईई एडवांस परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। स्कूल के छात्र आलोक यादव ने कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 398वीं रैंक प्राप्त की, जबकि आयुष कुमार ने 2893वीं और आर्यन सिकरवार ने 13345वीं रैंक हासिल की।

स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन का परिणाम है।

श्रेयस मिश्रा और अन्य विद्यार्थियों की उपलब्धि ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्रों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button