देश

Maharashtra Road Accident: पालघर में बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर, 13 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

Maharashtra Road Accident: पालघर में बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर, 13 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर डहाणू के धाणीवरी इलाके में बारातियों से भरे टेंपो और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कंटेनर सीधे टेंपो पर पलट गया, जिससे 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बापूगांव से बड़ी संख्या में लोग सगाई समारोह में शामिल होने के लिए धाणीवरी जा रहे थे। सभी लोग एक टेंपो में सवार थे। बताया जा रहा है कि टेंपो चालक ने करीब एक किलोमीटर लंबा रास्ता बचाने के लिए आउटर साइड से वाहन निकालने की कोशिश की। इसी दौरान गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलता हुआ आगे बढ़ा और फिर सीधे बारातियों से भरे टेंपो पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। टेंपो पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। भारी मशक्कत के बाद कंटेनर और टेंपो के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। कई लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों का इलाज कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी स्थित वेदांता अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद अस्पतालों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि टेंपो में क्षमता से अधिक यानी 50 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे के कारण मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया।

घटना की सूचना मिलते ही पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हेमंत सावरा और पालघर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्य का जायजा लिया और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया।

पालघर पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसा टेंपो चालक की लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वहीं सांसद हेमंत सावरा ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधूरे पड़े कंक्रीटीकरण कार्य पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर निर्माण कार्य अधूरा होने की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं और इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाया जाएगा।

यह हादसा उन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया, जो खुशी के माहौल में सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कुछ ही पलों में जश्न का माहौल मातम में बदल गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button