दिल्ली-एनसीआर

Delhi Fire Safety News: अवैध पब-बारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकती है मालवीय नगर जैसी त्रासदी : साहिल गंगवाल

Delhi Fire Safety News: अवैध पब-बारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हो सकती है मालवीय नगर जैसी त्रासदी : साहिल गंगवाल

नई दिल्ली में मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजधानी के कई व्यावसायिक इलाकों में अग्नि सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पश्चिमी ज़ोन वार्ड समिति के उपाध्यक्ष और मादीपुर वार्ड-93 से निगम पार्षद Sahil Gangwal ने पंजाबी बाग क्लब रोड पर संचालित पब, बार और डिस्कोथेकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अवैध और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई नहीं की गई तो यहां भी मालवीय नगर जैसी बड़ी त्रासदी हो सकती है।

साहिल गंगवाल ने कहा कि मालवीय नगर के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुई दुखद घटना ने यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के कई इलाकों में ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं, जहां अग्निशमन विभाग के नियमों, भवन निर्माण मानकों और अन्य सुरक्षा प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा।

उन्होंने विशेष रूप से पंजाबी बाग क्लब रोड का जिक्र करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में पब, बार और डिस्कोथेक चल रहे हैं, जिनको लेकर स्थानीय लोग समय-समय पर शिकायतें भी करते रहे हैं। गंगवाल का कहना है कि यदि इन प्रतिष्ठानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और जरूरी अनुमतियों के व्यवसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

निगम पार्षद ने कहा कि किसी भी भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठान में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार, फायर एनओसी, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है। यदि इन नियमों की अनदेखी की जाती है तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

साहिल गंगवाल ने प्रशासन से मांग की कि पंजाबी बाग क्लब रोड पर चल रहे सभी पब, बार और डिस्कोथेकों का संयुक्त निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाए, उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मालवीय नगर की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनका कहना था कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी और सख्ती से पालन कराया जाता, तो कई हादसों को रोका जा सकता था।

गंगवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए, तो पंजाबी बाग क्लब रोड पर भी मालवीय नगर जैसी दर्दनाक घटना हो सकती है। उन्होंने व्यापक जांच अभियान चलाने और सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button