दिल्ली-एनसीआर

Delhi Child Missing Case: टीका लगवाने के बहाने 6 माह का मासूम लापता, महिला बच्चे को लेकर फरार

Delhi Child Missing Case: टीका लगवाने के बहाने 6 माह का मासूम लापता, महिला बच्चे को लेकर फरार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 6 माह का मासूम बच्चा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिवार ने आरोप लगाया है कि खुद को सरकारी सर्वे कर्मचारी बताने वाली एक महिला बच्चे को टीका लगवाने के बहाने GTB Hospital लेकर गई और वहां से मासूम को लेकर फरार हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सीलमपुर के जे-ब्लॉक इलाके में रहने वाली नाजरीन अपने 6 माह के बेटे आरान के साथ घर पर थीं। परिवार का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से करीब 27 वर्षीय एक महिला लगातार उनके घर आ रही थी। वह खुद को सरकारी सर्वे करने वाली कर्मचारी बताती थी और परिवार से बातचीत कर धीरे-धीरे उनका भरोसा जीतने लगी।

परिजनों के मुताबिक, महिला अक्सर घर आकर बच्चे और परिवार के बारे में जानकारी लेती थी। शुरुआत में किसी को उस पर शक नहीं हुआ क्योंकि वह सामान्य तरीके से बातचीत करती थी और खुद को सरकारी काम से जुड़ा बता रही थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे महिला फिर नाजरीन के घर पहुंची। उसने कहा कि बच्चे को टीका लगवाने के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाना है। महिला नाजरीन और बच्चे को अपने साथ अस्पताल लेकर गई। परिवार का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद महिला ने नाजरीन से कहा कि वह बच्चे को टीका लगवाकर तुरंत वापस ले आएगी।

भरोसा करते हुए नाजरीन ने अपने मासूम बेटे आरान को महिला के हवाले कर दिया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद जब महिला वापस नहीं लौटी तो नाजरीन घबरा गईं और अस्पताल परिसर में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक खोजबीन करने के बावजूद महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिवार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि महिला की पहचान की जा सके। पुलिस की कई टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं और आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी महिला अकेली थी या उसके साथ कोई और भी शामिल था। फिलहाल परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्चे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button