दिल्ली-एनसीआर

Delhi Cantt: गरीब फूल विक्रेता से कथित मारपीट के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, भुवन करण सिंह तंवर समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

Delhi Cantt: गरीब फूल विक्रेता से कथित मारपीट के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, भुवन करण सिंह तंवर समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

नई दिल्ली, 3 अगस्त : दिल्ली कैंट क्षेत्र में एक गरीब फूल विक्रेता महिला और उसके परिवार के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली कैंट विधानसभा से भाजपा नेता एवं एडवोकेट भुवन करण सिंह तंवर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली कैंट के विधायक वीरेंद्र कादियान का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर “दिल्ली कैंट के गुंडे को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गरीब परिवार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में अब तक आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई है।

भुवन करण सिंह तंवर ने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग की आवाज को दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब अन्याय, दबंगई और गरीबों पर अत्याचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भुवन करण सिंह तंवर सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर दिल्ली कैंट थाना पहुंचाया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

भुवन करण सिंह तंवर ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button