देश

Rudraprayag Gurudwara Issue: रुद्रप्रयाग गुरुद्वारे की छत पर चार दिन से डटे निहंग, पुलिस-प्रशासन बातचीत में जुटा

Rudraprayag Gurudwara Issue: रुद्रप्रयाग गुरुद्वारे की छत पर चार दिन से डटे निहंग, पुलिस-प्रशासन बातचीत में जुटा

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित नगरासू गुरुद्वारे में पिछले चार दिनों से कुछ निहंग सिख छत पर डटे हुए हैं। मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार बातचीत का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच उत्तराखंड पुलिस ने गुरुद्वारे पर कब्जे और लोगों को बंधक बनाए जाने की खबरों को भ्रामक बताया है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर यह जानकारी फैलाई जा रही थी कि निहंगों ने गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया है और वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाया गया है। पुलिस ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा कि गुरुद्वारे में सामान्य धार्मिक गतिविधियां जारी हैं और वहां किसी तरह का कब्जा नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार को गुरुद्वारे की छत पर सात से आठ निहंग मौजूद थे। अब इनमें से अधिकतर नीचे आ चुके हैं और फिलहाल चार निहंग ही छत पर मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर नजर बनाए हुए हैं और निहंगों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि निहंग अपनी कुछ मांगों को लेकर छत पर गए हैं। उन्होंने छत पर जाने का रास्ता बंद कर दिया है, जिसके कारण उनसे सीधे बातचीत करने में परेशानी आ रही है। प्रशासन की कोशिश है कि बिना किसी तनाव के बातचीत के जरिए पूरे मामले को खत्म किया जाए।

मंगलवार को कुछ अन्य निहंग सिख भी गुरुद्वारे पहुंचे और छत पर मौजूद निहंगों से बातचीत करने का प्रयास किया। उन्होंने मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं की, लेकिन इतना जरूर कहा कि वे उत्तराखंड में शांति चाहते हैं और जल्द ही मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को निहंगों द्वारा गुरुद्वारे की छत से दो बार पथराव किए जाने की बात सामने आई। हालांकि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पहली घटना दोपहर के समय हुई, जब खाने के दौरान ध्यान भटकाने के लिए पथराव किया गया। इस दौरान दो निहंग भोजन लेने के लिए नीचे आए, जिसमें से एक को पुलिस ने पकड़ लिया।

इसके बाद सोमवार देर रात स्थानीय लोगों और निहंगों के बीच बहस होने की जानकारी भी सामने आई। हालांकि इस दौरान भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और किसी भी तरह के विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बातचीत के माध्यम से जल्द ही विवाद का समाधान निकाल लिया जाएगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button