देश

Noida Fire: सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में भीषण आग, पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार

Noida Fire: सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में भीषण आग, पूरे इलाके में फैला धुएं का गुबार

Noida के सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी के प्लांट में शनिवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे सेक्टर में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाके में आसमान तक धुएं से ढक गया और दूर-दूर तक केवल धुआं ही दिखाई दे रहा था।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग कंपनी के इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे इलेक्ट्रिक तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। शुरुआत में कर्मचारियों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन प्लास्टिक का कच्चा माल, फॉल सीलिंग और मशीनरी आग की चपेट में आने से हालात बेकाबू हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही Noida Fire Department की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों के अनुसार करीब 200 मीटर तक का परिसर आग की चपेट में आ गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों और कर्मचारियों के मुताबिक आग लगने के समय प्लांट के अंदर लगभग 70 से 80 कर्मचारी मौजूद थे। मेरठ निवासी एक कर्मचारी ने बताया कि एसी के पास बिजली के तारों में अचानक आग लगी और कुछ ही मिनटों में पूरा हिस्सा धुएं और आग से भर गया। कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे, जबकि उनका सामान और बैग अंदर ही रह गया।

आग के कारण फैले घने धुएं से कई कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत और घुटन महसूस हुई। मौके पर एंबुलेंस भी बुलाई गई। करीब 8 से 10 कर्मचारियों को घुटन और धुएं की शिकायत के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग काफी बड़ी थी और फैक्ट्री के अंदर प्रवेश करने में टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि डिपार्टमेंट के अंदर जाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी, जिससे आग बुझाने का काम चुनौतीपूर्ण बन गया। बीए सेट पहनकर दमकल कर्मियों ने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन धुएं और गर्मी के कारण जोखिम बढ़ गया था।

सीएफओ ने यह भी आशंका जताई कि फैक्ट्री के अंदर केमिकल सामग्री मौजूद हो सकती है, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में टीम ने बाहर से लगातार पानी की बौछार कर आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने पर फोकस किया।

घटना के बाद पूरे सेक्टर-59 और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए। पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की।

फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि हादसे की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी और सुरक्षा मानकों की भी जांच होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button