
Jalandhar Scooter Blast : जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर स्कूटी में धमाका, जांच में जुटी पुलिस
पंजाब के जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर एक संदिग्ध घटना ने हड़कंप मचा दिया, जहां बीएसएफ चौक के पास खड़ी एक्टिवा स्कूटी में अचानक धमाका होने के बाद आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ स्कूटी में आग भड़क उठी, जिसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इस दौरान कुछ लोगों के मामूली रूप से घायल होने की भी खबर सामने आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
जालंधर की पुलिस कमिश्नर Dhanpreet Kaur ने प्रारंभिक जानकारी देते हुए कहा कि पहली नजर में यह मामला स्कूटी में आग लगने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह धमाका था या कोई तकनीकी कारण, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की आशंका को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।






