
Pune Crime Horror: पुणे में मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार लेकिन सड़कों पर उबाल थमा नहीं
महाराष्ट्र के Pune जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां भोर तहसील में चार साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस के अनुसार इस मामले में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दरिंदगी करने के बाद हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसे मवेशियों के बाड़े में बने एक शेड में ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची घर वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ जाता हुआ नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में गुस्सा फूट पड़ा और सैकड़ों ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंच गए, जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की। हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों ने मुंबई-बंगलूरू हाईवे को जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने लोगों को शांत कराने की कोशिश करते हुए भरोसा दिलाया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी और आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी। इसके बावजूद लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ है और पुलिस पर शुरुआती लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। बीती रात पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे तनाव और बढ़ गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। नसरापुर में स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने बंद का आह्वान किया है और कई दुकानें बंद रखी गई हैं। वहीं भैरवनाथ मंदिर से बड़े विरोध मार्च की तैयारी की जा रही है, जिससे साफ है कि लोगों का आक्रोश अभी शांत नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।






