
Bulandshahr firing: बुलंदशहर जिम ट्रिपल मर्डर केस, मुख्य आरोपी मयंक सैनी पुलिस एनकाउंटर में घायल, बर्थडे पार्टी विवाद में हुई थी तीन युवकों की हत्या
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुए चर्चित जिम ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी मयंक सैनी उर्फ दुग्गी को पुलिस एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान उसके पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात 25 अप्रैल की रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में हुई थी, जहां बर्थडे पार्टी के दौरान केक चेहरे पर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में तीन युवकों की मौत हो गई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले में कई लोग शामिल थे और घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। थाना खुर्जा नगर में केस दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मयंक सैनी ने पूछताछ में बताया था कि उसने घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा फ्लाईओवर के नीचे छिपा रखा है। बरामदगी के लिए पुलिस उसे मौके पर लेकर गई थी, तभी उसने भागने की कोशिश की और छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें मयंक घायल हो गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह मामला अब भी इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस इसे पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है ताकि सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।






