
Haryana Youth Death in Russia: करनाल के युवक की रूस में मौत, 20 दिन बाद ताबूत में लौटा शव, परिवार में मातम
हरियाणा के करनाल स्थित बसंत विहार में उस समय मातम पसर गया जब 22 वर्षीय युवक देव का शव रूस से ताबूत में घर पहुंचा। महज 20 दिन पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर विदेश गए देव की अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। जिस बेटे से घर की आर्थिक स्थिति बदलने की उम्मीद थी, वही अब हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया।
देव अपने पीछे माता-पिता, एक छोटा भाई और बहन छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक हालत पहले से ही कमजोर थी और बेटे को विदेश भेजने के लिए पिता ने करीब 6 लाख रुपये का कर्ज लिया था। घरवालों ने उसे रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन देव अपने फैसले पर अड़ा रहा। उसे विश्वास था कि वह रूस जाकर अच्छी नौकरी करेगा और परिवार की हालत सुधार देगा।
देव ने अपनी पढ़ाई दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की थी और वह पढ़ाई में मेहनती और शांत स्वभाव का बताया जाता था। पड़ोसियों के अनुसार वह कम बोलने वाला लेकिन अपने लक्ष्य को लेकर बेहद गंभीर था। उसका सपना था कि वह विदेश जाकर परिवार को बेहतर जीवन दे सके, लेकिन यह सपना अब परिवार के लिए सबसे बड़ा दर्द बन गया है।
करीब 20 दिनों की औपचारिक और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद सरकार की मदद से उसका शव भारत लाया गया। शव घर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों ने रो-रोकर अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार करनाल में पूरे रीति-रिवाजों के साथ किया गया।
परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना युवाओं के लिए एक चेतावनी है कि विदेश जाने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहिए। बिना पूरी जानकारी, सही एजेंट और सुरक्षा व्यवस्था के ऐसे कदम कई बार जीवन पर भारी पड़ सकते हैं।
इलाके के लोग लगातार परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। हर कोई यही कह रहा है कि देव जैसा सीधा और मेहनती लड़का इस तरह अचानक चला जाएगा, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।






