
AAP leader murder: जालंधर में गुरुद्वारे के बाहर AAP नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
पंजाब के जालंधर में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी के नेता और सक्रिय कार्यकर्ता लकी ओबेरॉय की गुरुद्वारे के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में हुई, जहां लकी ओबेरॉय गुरुद्वारे के बाहर अपनी थार गाड़ी में बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक दो अज्ञात हमलावर मौके पर पहुंचे और बेहद करीब से लकी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि 8 से 9 राउंड फायर किए गए, जिससे लकी गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। फायरिंग के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से लकी ओबेरॉय को आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हत्या के पीछे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस फिलहाल किसी भी तरह के आधिकारिक बयान से बच रही है। जानकारी के अनुसार लकी ओबेरॉय की पत्नी सिमरजोत कौर ने पिछले साल आम आदमी पार्टी की टिकट पर पंजाब नगर निगम का चुनाव लड़ा था, जबकि लकी खुद भी पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। इस हत्या ने एक बार फिर पंजाब में राजनीतिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि इससे पहले भी राज्य में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।





