
Ghaziabad Espionage Case: दिल्ली के शूटर समेत 3 गिरफ्तार, पाकिस्तान भेजते थे संवेदनशील जानकारी
गाजियाबाद। साहिबाबाद इलाके में सामने आए सीसीटीवी जासूसी मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और जांच एजेंसियों ने इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली का समीर उर्फ शूटर, शामली का समीर पठान और गाजियाबाद का शिवराज शामिल हैं।
जांच में पता चला कि ये सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को संवेदनशील इलाकों के वीडियो और फोटो भेजते थे। एजेंसियों के मुताबिक यह जासूसी नेटवर्क कई शहरों में सक्रिय था और आरोपियों के जरिए लगातार जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि इन नई गिरफ्तारियों के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों ने किन-किन महत्वपूर्ण जगहों की जानकारी और फुटेज पाकिस्तान तक पहुंचाई और इनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे। दरअसल, कुछ समय पहले साहिबाबाद क्षेत्र में यह मामला सामने आया था कि कुछ लोग सीसीटीवी कैमरों के जरिए संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रहे थे और फुटेज विदेश भेज रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इलाके के महत्वपूर्ण स्थानों के वीडियो और फोटो इकट्ठा कर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे। इसके बाद केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान कई राज्यों से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और नेटवर्क के तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े पाए गए।
सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य लिंक का पता लगाने और आगे की जासूसी की संभावनाओं को रोकने में जुटी हैं। यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






