दिल्ली-एनसीआरराजनीति

Raihan Vadra Exhibition Controversy: बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हटाई गईं 70 से ज्यादा तस्वीरें, प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल

Raihan Vadra Exhibition Controversy: बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से हटाई गईं 70 से ज्यादा तस्वीरें, प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल

दिल्ली के बीकानेर हाउस में फोटोग्राफर रेहान वाड्रा की एकल प्रदर्शनी से 70 से अधिक तस्वीरें हटाए जाने पर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान की प्रदर्शनी का शीर्षक ‘नो आइडिया इज फाइनल’ है। इसमें बीते तीन वर्षों में ली गई वन्यजीव, सड़क जीवन, अमूर्त कला और छात्र-युवा आंदोलनों से संबंधित तस्वीरें शामिल थीं। रेहान का आरोप है कि उद्घाटन से कुछ घंटे पहले प्रबंधन ने प्रदर्शनों और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी कुछ तस्वीरें हटाने को कहा।

रेहान के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर को प्रदर्शनी का लेआउट और चित्रों की सूची प्रबंधन के साथ साझा कर दी थी। उनका कहना है कि उस समय कोई आपत्ति नहीं जताई गई, लेकिन 22 अक्टूबर को उद्घाटन से पहले लगभग 74 तस्वीरों को संस्थागत नीति के प्रतिकूल बताकर हटाने का निर्देश मिला। रेहान ने दावा किया कि ऐसा न करने पर प्रदर्शनी रद्द करने की चेतावनी दी गई थी। उन्होंने बताया कि तस्वीरों में सामाजिक आंदोलनों का दस्तावेजीकरण था और राजनीतिक नारे या दलों के चिह्न पहले ही हटाए जा चुके थे। विरोध में लगाए गए खाली फ्रेमों पर भी प्रबंधन ने आपत्ति जताई, ऐसा उनका कहना है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने तस्वीरें हटाए जाने की आलोचना करते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए। दूसरी तरफ बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी ने कहा कि वह कला और संस्कृति के समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन परिसर में होने वाली प्रदर्शनियों को उसकी आंतरिक आचार संहिता और नीतियों का पालन करना होगा। विवाद के बीच शेष कलाकृतियों के साथ प्रदर्शनी 25 अक्टूबर तक जारी रहने की जानकारी दी गई है।

Related Articles

Back to top button