
Race Course Mosque Notice: पीएम आवास के पास स्थित ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद को 6 दिन में खाली करने का नोटिस, बिजली-पानी की सप्लाई बंद
प्रधानमंत्री आवास के पास स्थित नई दिल्ली की पुरानी रेस कोर्स मस्जिद को खाली कराने के नोटिस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार के भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की ओर से जारी नोटिस में मस्जिद परिसर छह दिन में खाली करने को कहा गया है। मस्जिद प्रबंधन का कहना है कि बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है, जिससे वहां होने वाली नियमित धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
प्रशासन का पक्ष है कि संबंधित भूमि केंद्र सरकार के स्वामित्व में है और अदालत के निर्देशों के अनुरूप अनधिकृत निर्माण तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का असर रेस कोर्स रोड के आसपास रहने वाले लगभग 700 झुग्गी परिवारों पर भी पड़ने की बात कही गई है। प्रशासन की ओर से पात्र परिवारों के पुनर्वास का उल्लेख किया गया है। वहीं, मस्जिद से जुड़ी सुविधाएं बंद किए जाने का स्थानीय नमाजियों और धार्मिक संगठनों ने विरोध किया है।
मस्जिद के इमाम मौलाना हारून राही और दिल्ली वक्फ बोर्ड का कहना है कि यह इमारत NDMC की ग्रेड-2 धरोहर सूची में शामिल है। बोर्ड ने 1977 की दिल्ली गजट अधिसूचना का हवाला देते हुए मस्जिद और उससे लगे कब्रिस्तान को वक्फ संपत्ति बताया है। जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात कर दस्तावेजों की समीक्षा और बिजली-पानी बहाल करने की मांग की। मंत्री की ओर से कानूनी पहलुओं की समीक्षा का आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है।






