दिल्ली-एनसीआर

Noida Fire: ममूरा गांव में भीषण आग, ईवी स्कूटी की बैटरी में स्पार्किंग से हादसा, महिला समेत 2 लोगों की मौत

Noida Fire: ममूरा गांव में भीषण आग, ईवी स्कूटी की बैटरी में स्पार्किंग से हादसा, महिला समेत 2 लोगों की मौत

नोएडा, 15 जुलाई। उत्तर प्रदेश के नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित ममूरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में हुई स्पार्किंग से आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, आग जी+4 इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां पार्किंग में कई दोपहिया वाहन खड़े थे। स्पार्किंग के बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे भवन में धुआं भर गया। इमारत में करीब 50 परिवार रह रहे थे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। संयुक्त रूप से चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

रेस्क्यू के दौरान धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण ईवी वाहन की बैटरी को चार्ज करते समय हुई स्पार्किंग सामने आई है। उन्होंने बताया कि संबंधित भवन जी+4 था, जिसमें प्रत्येक मंजिल पर कई परिवार रह रहे थे, जबकि ग्राउंड फ्लोर को पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भवन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और पार्किंग क्षेत्र में ईवी वाहनों की चार्जिंग के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेशभर में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।

प्रशासन अब हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। फायर विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आग किस परिस्थिति में फैली और क्या भवन में सुरक्षा संबंधी कोई लापरवाही हुई थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button