दिल्ली-एनसीआर

Delhi Green Mobility News: एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र ने मेट्रो और ई-ऑटो से किया सफर, ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा

Delhi Green Mobility News: एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र ने मेट्रो और ई-ऑटो से किया सफर, ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने राजधानी में हरित परिवहन और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एनडीएमसी अध्यक्ष Keshav Chandra ने सोमवार को कार्यालय आने के लिए दिल्ली मेट्रो और ई-ऑटो का इस्तेमाल कर एक उदाहरण पेश किया। यह पहल प्रधानमंत्री Narendra Modi के मितव्ययिता, ईंधन बचत और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के आह्वान से प्रेरित बताई गई है।

एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र अपने सहयोगियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा कर पालिका केंद्र पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ई-ऑटो का उपयोग कर कार्यालय तक का सफर पूरा किया। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण अनुकूल साधनों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

कार्यालय पहुंचने के बाद एनडीएमसी अध्यक्ष ने मुख्यालय से ही वरिष्ठ अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की। इसका मकसद अधिकारियों की अनावश्यक यात्रा को कम करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देना था, जिससे ईंधन की बचत और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई जा सके।

एनडीएमसी ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए अपने सभी अधिसूचित पार्किंग स्थलों पर ईवी वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में 50 प्रतिशत की विशेष छूट लागू कर दी है। यह छूट 18 मई 2026 से लागू हो चुकी है और अगले आदेश तक जारी रहेगी। परिषद का मानना है कि इससे राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही एनडीएमसी ने कर्मचारियों के लिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधाएं भी शुरू की हैं। 15 मई 2026 से पालिका केंद्र और नजदीकी मेट्रो स्टेशनों—पटेल चौक, राजीव चौक और जनपथ—के बीच ईवी ऑटो सेवा शुरू की गई है। इसके अलावा गोल मार्केट और विभिन्न फील्ड कार्यालयों तक भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

एनडीएमसी ने अपने आवासीय परिसरों से पालिका केंद्र तक कर्मचारियों के लिए बस शटल सेवा भी शुरू की है। यह सुविधा सरोजिनी नगर, जोर बाग, बापू धाम चाणक्यपुरी, मंदिर मार्ग, रोहिणी और साकेत सहित कई आवासीय परिसरों में शुरू की गई है। साथ ही फील्ड स्टाफ और कर्मचारियों के लिए “लास्ट माइल कनेक्टिविटी” सुनिश्चित करने हेतु ईवी स्कूटर सेवा भी शुरू की गई है।

इस अवसर पर केशव चंद्र ने कहा कि ग्रीन मोबिलिटी केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने लोगों से पैदल चलने, साइकिल चलाने, कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की। उनका कहना था कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत में बड़ा योगदान दे सकते हैं।

एनडीएमसी ने दोहराया कि वह “ग्रीन इंडिया” और “सतत शहरी विकास” के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है और नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में लगातार काम करता रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button