दिल्ली-एनसीआर

Yamuna Drowning: यमुना में डूबे चार दोस्तों में से तीन के शव बरामद, सचिन की तलाश जारी

Yamuna Drowning: यमुना में डूबे चार दोस्तों में से तीन के शव बरामद, सचिन की तलाश जारी

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित यमुना खादर में सोमवार शाम नहाने के दौरान डूबे चार दोस्तों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। सोमवार रात से शुरू हुआ तलाशी और बचाव अभियान मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किया गया, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने दो और शव बरामद किए। चौथे युवक सचिन की तलाश अभी भी जारी है।

उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार, सोमवार शाम गीता कॉलोनी यमुना खादर इलाके में चार युवक नहाने के लिए यमुना नदी में उतरे थे। नदी में पानी की गहराई अधिक होने और तेज बहाव के कारण चारों युवक बहाव की चपेट में आ गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एंबुलेंस और बोट क्लब के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने सोमवार रात करीब 45 वर्षीय सोनू को पानी से बाहर निकाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रात में अंधेरा अधिक होने और यमुना के तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान को रोकना पड़ा।

मंगलवार सुबह रोशनी होने के बाद पुलिस और गोताखोरों ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान टीम को 22 वर्षीय हेमंत और 30 वर्षीय राजन के शव बरामद हुए। दोनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पुलिस ने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (LNJP) की मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों युवक गीता कॉलोनी इलाके के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे। सभी मजदूरी का काम करते थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यमुना में उतरने से पहले चारों ने शराब पी थी। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में चले गए। पानी में उतरने के कुछ ही समय बाद तेज बहाव के कारण वे नियंत्रण खो बैठे और डूब गए।

पुलिस और गोताखोरों की टीमें अब चौथे लापता युवक सचिन की तलाश में जुटी हुई हैं। यमुना में जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस की मौजूदगी बनाए रखी गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति में नदी में न उतरें। खासकर शराब के सेवन के बाद नदी या किसी भी जलस्रोत में जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सचिन की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button