
Delhi Mumbai Expressway Tragedy: चलती कार में लगी आग, एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले, ड्राइवर गंभीर
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जहां चलती कार में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सभी लोग कार के अंदर ही जलकर राख हो गए। इस दर्दनाक घटना में कार चालक भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11 बजे राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर इलाके में हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सीएनजी गैस का रिसाव हुआ, जिसके चलते अचानक आग भड़क उठी। रिसाव इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का एक परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था और उन्होंने यह कार किराए पर ली हुई थी। जैसे ही गाड़ी एक्सप्रेसवे पर मौजपुर के पास पहुंची, अचानक गैस लीक होने से आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
इस हादसे में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव पूरी तरह जल गए और पहचान करना भी मुश्किल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, सीएनजी आग का तापमान इतना अधिक होता है कि हड्डियां तक पूरी तरह जल सकती हैं, जिसके कारण शवों के अवशेष भी बेहद कम बचे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक पांचों लोग आग की चपेट में आ चुके थे। ड्राइवर को किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, क्योंकि हालत इतनी खराब है कि सामान्य पहचान संभव नहीं है। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी भी रात में ही मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। यह हादसा एक बार फिर वाहनों में गैस सिस्टम की सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर करता है।






