
Delhi Encounter: पुष्प विहार में पुलिस मुठभेड़, गैंगस्टर गैंग के 3 बदमाश गिरफ्तार
पुष्प विहार इलाके में दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ और AATS टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदमाशों के साथ मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को भागते हुए दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और भारत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़े हुए थे और इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद स्पेशल स्टाफ और AATS टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में राकेश और सोनू के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू में ले लिया गया। तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से भागते हुए पकड़ लिया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली पुलिसकर्मियों के बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से एक बाइक और कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारी शामिल रहे, जिनमें एसआई अभिमन्यु, अमित, मनीष फोगाट, साजिद, नवदीप, एएसआई विनीत और पदम सहित अन्य स्टाफ मौजूद था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। इससे पहले भी दिल्ली में कई जगहों पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई की गई है।






