दिल्ली-एनसीआरक्राइम

Delhi Crime: न्यू अशोक नगर में युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Delhi Crime: न्यू अशोक नगर में युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में 20 वर्षीय सरकारी कर्मचारी युवती की संदिग्ध मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। युवती अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली, जिसके बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस जहां इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं परिजनों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

मामले की जानकारी उस वक्त सामने आई जब पुलिस को एक PCR कॉल के जरिए सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद फायर सर्विस की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर युवती का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया है, जहां मेडिकल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने इस मामले में धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

दूसरी ओर, मृतका के परिजनों ने पुलिस की शुरुआती थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है। परिवार का आरोप है कि युवती की हत्या कर उसे फंदे से लटकाया गया है। बहन ने दावा किया कि घटना स्थल पर मृतका के कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जो किसी संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक आरोपी उन्हें पहले से धमकाता था और अपनी दबंगई दिखाते हुए कहता था कि उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता।

परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि घटना के दो दिन बाद तक उन्हें शव को ठीक से देखने नहीं दिया गया, जिससे उनकी आशंकाएं और गहरा गई हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की गड़बड़ी के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया गया है। कमरे को फॉरेंसिक जांच के लिए सील कर दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

यह घटना एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस अब सभी एंगल से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button