दिल्ली-एनसीआर

Delhi Ambulance Blast: मोती बाग फ्लाईओवर के पास ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एंबुलेंस के उड़े परखच्चे

Delhi Ambulance Blast: मोती बाग फ्लाईओवर के पास ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, एंबुलेंस के उड़े परखच्चे

राजधानी दिल्ली में गुरुवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोती बाग फ्लाईओवर के पास एक चलती एंबुलेंस में शॉर्ट-सर्किट के बाद भीषण आग लग गई, जिसके चलते अंदर रखा ऑक्सीजन सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, सफदरजंग अस्पताल की कैट्स एंबुलेंस समालखा इलाके में एक मरीज को छोड़ने के बाद वापस अस्पताल लौट रही थी। शाम करीब 7:20 बजे एंबुलेंस धौला कुआं से मोती बाग फ्लाईओवर के पास पहुंची ही थी कि अचानक कंडक्टर सीट की तरफ शॉर्ट-सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तुरंत एंबुलेंस को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई और अंदर रखा ऑक्सीजन सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

आग की चपेट में पास में खड़ी एक बाइक भी आ गई, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या जानहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर एंबुलेंस और ऑक्सीजन सिलेंडर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते चालक की सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button