दिल्ली-एनसीआर

Delhi Accident: दिलशाद गार्डन में निर्माणाधीन इमारत की लिफ्ट शाफ्ट में गिरकर 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Delhi Accident: दिलशाद गार्डन में निर्माणाधीन इमारत की लिफ्ट शाफ्ट में गिरकर 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के दिलशाद गार्डन इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत में लिफ्ट शाफ्ट से गिरकर 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक दिलशाद गार्डन इलाके में एक चार मंजिला इमारत में लिफ्ट लगाने का काम चल रहा था। इसी इमारत से सटी एक केबल फैक्ट्री में रामोतार पिछले करीब 20 से 25 वर्षों से मुंशी के तौर पर काम कर रहे थे।

घटना के समय रामोतार अपने साले अतुल के साथ फैक्ट्री में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल पर लिफ्ट फिटिंग का काम चल रहा था। वहां काम कर रहे मिस्त्री ने कुछ सामान मंगाया था, जिसे लेकर रामोतार इमारत में पहुंचे थे।

इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह लिफ्ट शाफ्ट में नीचे जा गिरे। हादसे में रामोतार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी। उनका कहना है कि लिफ्ट शाफ्ट के आसपास कोई बैरिकेडिंग नहीं थी और न ही सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए थे। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button