
Bardoli Bus Accident: गुजरात-महाराष्ट्र हाईवे पर दो बसों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, 7 लोगों की मौत
गुजरात के सूरत जिले के बारडोली इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुजरात-महाराष्ट्र हाईवे पर दो यात्री बसों की जोरदार टक्कर के बाद एक बस में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में 38 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बारडोली तहसील के पास नेशनल हाईवे-56 पर हुआ। सूरत रेंज के आईजी प्रेम वीर सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र रजिस्ट्रेशन वाली दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस डिवाइडर पार करते हुए दूसरी बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद एक बस में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बस सड़क किनारे लगे बीम बैरियर को तोड़ते हुए नीचे की ओर जा गिरी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। कई लोगों को बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया।
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि हादसे की शुरुआत एक पानी के टैंकर की टक्कर से हुई। बताया जा रहा है कि पानी के टैंकर ने एक बस को टक्कर मार दी, जिससे बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस डिवाइडर पार कर सामने से आ रही दूसरी बस से जा टकराई। टक्कर के बाद आग लगने से स्थिति और भयावह हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तापी जिले के एसपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से बारडोली के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया। वहीं दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
एसपी सूरत ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कर ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य कराया। अधिकारियों का कहना है कि बसों में सवार यात्रियों की सही संख्या का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं घायल यात्रियों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।
लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच यह घटना एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।






