
Badli Stabbing: बादली MCD कॉलोनी में चाकूबाजी, 19 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी
दिल्ली के दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले स्थित समयपुर बादली थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एमसीडी कॉलोनी के अम्बेडकर चौक के पास चाकूबाजी की घटना में एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब अम्बेडकर जयंती के मौके पर स्थानीय लोग चौक के पास केक काटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया और 19 वर्षीय युवक राजीव पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक राजीव का आरोपियों से पहले भी मामूली विवाद हुआ था, जो बाद में इस गंभीर वारदात में बदल गया। बताया जा रहा है कि हमलावर पड़ोस के ही रहने वाले थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राजीव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पुलिस को रात करीब 7 बजकर 55 मिनट पर मिली, जबकि वारदात लगभग 7:30 बजे हुई बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






