
Delhi Restaurant Fire: दिल्ली के मौजपुर में उधम रेस्टोरेंट की रसोई में लगी आग, जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदे लोग
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर में 13 अक्टूबर की रात एक रेस्टोरेंट की रसोई में आग लगने से हड़कंप मच गया। वेलकम थाना क्षेत्र की मुख्य जाफराबाद रोड पर स्थित उधम रेस्टोरेंट में आग भड़कते ही अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने के लिए दौड़ पड़े। कुछ लोगों ने सुरक्षित निकलने के प्रयास में पहली मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। अधिकारियों के अनुसार, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:34 बजे आग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि दुकान संख्या 169 में संचालित रेस्टोरेंट के किचन में आग लगी थी। आग और धुएं से घबराए लोगों ने जल्दबाजी में बाहर निकलने का प्रयास किया। घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की और उसे नियंत्रित कर लिया।
दमकल विभाग का एक वाहन भी मौके पर भेजा गया। समय पर आग काबू में आने से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी के पर्याप्त इंतजाम रखने की जरूरत की याद दिलाती है।






