दिल्ली-एनसीआर

Delhi Crime: संगम विहार में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या, घरेलू विवाद के बाद वारदात, आरोपी फरार

Delhi Crime: संगम विहार में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या, घरेलू विवाद के बाद वारदात, आरोपी फरार

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में गुरुवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक पति द्वारा अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

मृतका की पहचान 33 वर्षीय कविता के रूप में हुई है, जो अपने पति शुभम गहलोत के साथ संगम विहार के के-2 ब्लॉक स्थित अमृता पब्लिक स्कूल के पास रहती थीं। दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। शुभम एक निजी कंपनी में फाइनेंस से जुड़ा कार्य करता है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दंपति आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार शाम शुभम के ऑफिस से घर लौटने के बाद दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर पत्नी पर दो से तीन गोलियां चला दीं।

गोली लगने से कविता की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तिगड़ी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल से दो से तीन खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी शुभम गहलोत की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे घरेलू विवाद और आर्थिक तनाव की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button