
Electricity Demand Record: भीषण गर्मी से देश में बिजली खपत ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 265 GW पहुंची डिमांड, IMD ने दी लू की चेतावनी
देशभर में पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। Ministry of Power के अनुसार बुधवार 20 मई 2026 को दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर देश में बिजली की अधिकतम मांग 265.44 गीगावाट (GW) दर्ज की गई। यह भारत के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा बिजली मांग मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि सरकार ने इस रिकॉर्ड मांग को बिना किसी बड़े पावर कट के पूरा कर लिया।
देश में लगातार तीसरे दिन बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को बिजली की मांग 260.45 गीगावाट दर्ज की गई थी, जबकि सोमवार को यह आंकड़ा 257.37 गीगावाट तक पहुंचा था। हर दिन बढ़ती बिजली खपत ने ऊर्जा विभाग की चुनौती और बढ़ा दी है।
ऊर्जा मंत्रालय का कहना है कि भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग बड़ी संख्या में एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी वजह से बिजली की खपत में अचानक तेज उछाल देखने को मिल रहा है। मंत्रालय ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में बिजली की मांग 270 गीगावाट तक पहुंच सकती है।
इधर India Meteorological Department यानी IMD ने भी साफ कर दिया है कि फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में 24 मई तक हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी की चपेट में है। दिल्ली में मंगलवार को बिजली की अधिकतम मांग 7,776 मेगावाट रिकॉर्ड की गई, जो इस सीजन की सबसे ज्यादा मांग है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर गर्मी का यही असर जारी रहा तो आने वाले दिनों में बिजली खपत और बढ़ सकती है। ऐसे में बिजली कंपनियों और सरकार के सामने निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती बना रहेगा।






