दिल्ली-एनसीआर

Delhi Crime News शकरपुर में ताला-चाबी गैंग का बड़ा खेल, कारोबारी के घर से लाखों के हीरे-सोने के जेवर चोरी

Delhi Crime News शकरपुर में ताला-चाबी गैंग का बड़ा खेल, कारोबारी के घर से लाखों के हीरे-सोने के जेवर चोरी

पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में ताला-चाबी बनाने वाले गैंग ने बेहद शातिर तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश अलमारी ठीक करने के बहाने कारोबारी के घर में घुसा और लाखों रुपये के हीरे और सोने के जेवर लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

यह मामला शकरपुर थाना क्षेत्र के एमबी-18 मास्टर ब्लॉक इलाके का है। पीड़ित कारोबारी हरीश खुराना अपने परिवार के साथ यहां रहते हैं और चांदनी चौक में कपड़ों का कारोबार करते हैं। पीड़ित के मुताबिक शनिवार शाम करीब छह बजे एक सरदार युवक उनके घर के बाहर दिखाई दिया, जो खुद को ताला-चाबी बनाने वाला बता रहा था।

हरीश खुराना ने बताया कि उनके घर की अलमारी की चाबी गुम हो गई थी, जिसके चलते उन्होंने युवक को पहली मंजिल पर बुला लिया। आरोपी काफी देर तक अलमारी का लॉक ठीक करने का नाटक करता रहा। इसी दौरान उसने रुई और सरसों का तेल मंगवाया और लॉक ठीक करने की बात कहता रहा।

कुछ देर बाद आरोपी ने कहा कि अलमारी का लॉक ठीक हो गया है और 20 मिनट बाद चाबी लगाकर खोलना। इसके बाद वह 110 रुपये लेकर वहां से चला गया। कारोबारी को उस समय जरा भी शक नहीं हुआ कि उनके साथ इतनी बड़ी ठगी होने वाली है।

करीब 20 मिनट बाद जब कारोबारी ने अलमारी खोली तो अंदर रखा सारा कीमती सामान गायब मिला। बदमाश दो डायमंड रिंग, पांच सोने की अंगूठियां, डायमंड ईयर टॉप्स, कई सोने की चेन, गोल्ड लॉकेट, कंगन, नेकलेस और बैंक ऑफ बड़ौदा के लॉकर की चाबी तक लेकर फरार हो चुका था।

पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची शकरपुर थाना पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे कोई सक्रिय ताला-चाबी गैंग है, जो पहले डुप्लीकेट चाबी तैयार करता है और फिर मौका मिलते ही चोरी को अंजाम देता है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में बुलाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button